कोरबा। तहसील पसान के ग्राम पंचायत पसान में बिजली की अनियमित आपूर्ति से ग्रामीणों का सब्र का बांध टूट गया है। रोजाना कई-कई घंटे बिजली कटने से जनजीवन प्रभावित हो गया है। परेशान होकर बुधवार 6 अगस्त को समस्त ग्रामवासियों ने तहसीलदार पसान को ज्ञापन सौंपकर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है।


ग्रामवासियों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से बिना किसी पूर्व सूचना के दिन में कई बार बिजली काटी जा रही है। रात के समय अंधेरा छा जाने से चोरी की घटनाएं और सर्पदंश का खतरा बढ़ गया है। बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है। वहीं बीमार लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि लाइट नहीं होने से जरूरी मेडिकल उपकरण तक काम नहीं कर पाते।


ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में स्थानीय बिजली विभाग के कर्मचारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है।


ज्ञापन में ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि 2 दिन के भीतर बिजली आपूर्ति दुरुस्त नहीं की गई तो पूरे गांव के लोग आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत वितरण विभाग और सहायक अभियंता की होगी।