धरमजयगढ़ में दर्दनाक हादसे से मचा हड़कंप, संकरे पुल और तीखे मोड़ ने फिर खड़े किए सुरक्षा पर सवाल।


धरमजयगढ़ | CGEYE24 NEWS

रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र से रविवार शाम एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। सरिया नाला के पास एक ट्रक अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरा। हादसा इतना गंभीर बताया जा रहा है कि ट्रक का अधिकांश हिस्सा पानी में पूरी तरह डूब चुका है और ऊपर केवल उसका कुछ हिस्सा दिखाई दे रहा है। ट्रक चालक के भी नदी में डूबने की आशंका जताई जा रही है।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। नदी में ट्रक के डूबे होने के कारण चालक की स्थिति को लेकर असमंजस बना हुआ है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि चालक ट्रक के भीतर फंसा है, नदी में बह गया है या किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल पाया। उसकी वास्तविक स्थिति रेस्क्यू और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।


संकरा पुल और तीखा मोड़ फिर सवालों के घेरे में....

सरिया नाला का यह मार्ग पहले भी सड़क सुरक्षा को लेकर संवेदनशील माना जाता रहा है। बताया जा रहा है कि यहां पुल अपेक्षाकृत संकरा है और इसके आसपास तीखा मोड़ भी है। ऐसे स्थान पर भारी वाहनों की आवाजाही के बीच थोड़ी-सी चूक भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।


इस हादसे ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि दुर्घटना संभावित इस मार्ग पर वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम हैं या नहीं? यदि पुल और मोड़ की स्थिति पहले से चुनौतीपूर्ण है, तो वहां सुरक्षा संकेतक, चेतावनी व्यवस्था और अन्य आवश्यक उपाय कितने प्रभावी हैं—यह जांच का विषय है।


रेस्क्यू के बाद खुलेगा हादसे का पूरा सच.....

फिलहाल घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्रवाई का इंतजार है। सबसे बड़ा सवाल ट्रक चालक की स्थिति को लेकर है। नदी में डूबे ट्रक को बाहर निकालने और चालक की तलाश के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर सामने आएगी।


CGEYE24 की नजर घटनास्थल पर बनी हुई है। चालक के संबंध में आधिकारिक पुष्टि अथवा रेस्क्यू से जुड़ी नई जानकारी सामने आते ही खबर को अपडेट किया जाएगा।