मौके का वीडियो सामने आया, दलदली जमीन में फंसा ट्रैक्टर; न्यायालयीन दस्तावेजों और भूमि विवाद के बीच गौटिया ने शिकायत की बात कही।


रायगढ़। रायगढ़ तहसील अंतर्गत खसरा नंबर 154 की भूमि को लेकर चल रहे विवाद के बीच मौके पर नगर निगम के ट्रैक्टर-ट्रॉली से मलबा डाले जाने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में स्थल की जमीन नरम और दलदली दिखाई दे रही है तथा मलबा लेकर पहुंचा ट्रैक्टर मौके पर फंसा नजर आता है। इस घटनाक्रम ने पहले से विवादित बताई जा रही भूमि पर मलबा डाले जाने की कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

भूमि से जुड़े आवेदक फत्ते पटेल गौटिया का दावा है कि उक्त भूमि उनके पक्ष से संबंधित पैतृक संपत्ति है। उनके द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों में न्यायालयीन आदेश की प्रति भी शामिल है। उपलब्ध आदेश में वादियों के पक्ष में संबंधित वाद भूमि के स्वत्व एवं आधिपत्य का उल्लेख है तथा प्रतिवादी क्रमांक 1 से 3 को भूमि के विक्रय से स्थायी रूप से निषिद्ध किए जाने की बात दर्ज है। आदेश में संलग्न अनुसूची-ब को डिक्री का हिस्सा बताया गया है। हालांकि उपलब्ध दस्तावेजों से इस डिक्री का खसरा नंबर 154 से सीधा संबंध स्वतंत्र रूप से स्थापित किया जाना अभी बाकी है।


इसी भूमि को लेकर गौटिया ने मौके पर मलबा डाले जाने पर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि इससे भूमि की वास्तविक स्थिति प्रभावित हो सकती है। उन्होंने तहसीलदार से सीमांकन कराने और मौके पर यथास्थिति बनाए रखने की मांग की है।