रायगढ़। जिले में दिव्यांगजन छात्र-छात्राओं के लिए छात्रवृत्ति योजना का लाभ लेने का सुनहरा मौका है। समाज कल्याण विभाग ने आवेदन प्रक्रिया को अब पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया है। पात्र विद्यार्थी नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (NSP) के माध्यम से 30 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
समाज कल्याण संचालनालय, छत्तीसगढ़ द्वारा दिव्यांगजन छात्रवृत्ति योजना को भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के NSP पोर्टल पर ऑनबोर्ड किया गया है। अब आवेदन से लेकर छात्रवृत्ति के भुगतान तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। पोर्टल पर आवेदन की सुविधा 7 जुलाई 2026 से शुरू हो चुकी है।
जिला शिक्षा अधिकारी रायगढ़ के अधीनस्थ सभी विद्यालयों में नियमित अध्ययनरत दिव्यांग छात्र-छात्राओं से अपील की गई है कि वे अंतिम तिथि से पहले आवेदन जरूर करें, ताकि कोई भी पात्र विद्यार्थी योजना से वंचित न रहे।
दो स्तर पर होगी जांच....
आवेदनों की जांच दो स्तरों पर की जाएगी। पहले स्तर में संबंधित स्कूल या संस्था द्वारा आवेदनों का सत्यापन किया जाएगा, जिसकी अंतिम तिथि 15 अक्टूबर 2026 है। दूसरे स्तर पर जिला समाज कल्याण कार्यालय द्वारा जांच होगी, जिसकी अंतिम तिथि 30 अक्टूबर 2026 निर्धारित है।
दोनों स्तरों पर सही पाए जाने वाले पात्र आवेदनों का चयन किया जाएगा और छात्रवृत्ति की राशि DBT के माध्यम से सीधे छात्र-छात्राओं के बैंक खाते में भेजी जाएगी। विभाग ने सभी शैक्षणिक संस्थानों से योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की है।

टिप्पणियाँ (0)
अपनी टिप्पणी लिखें