तमनार थाना क्षेत्र में जेएसपीएल तमनार गेट के पास हुआ भीषण हदसा।
रायगढ़। जिले के तमनार थाना क्षेत्र में जेएसपीएल तमनार गेट के पास तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार युवक और युवती को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिलूपारा निवासी एक युवक और युवती अपने निजी काम से मोटरसाइकिल पर सवार होकर रायगढ़ जा रहे थे। इसी दौरान जेएसपीएल तमनार गेट के पास तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान घनश्याम डनसेना (22 वर्ष), पिता परमेश्वर डनसेना एवं कुंती डनसेना (25 वर्ष), पिता परमेश्वर डनसेना, निवासी मिलूपारा के रूप में हुई है।
अचानक हुए इस दर्दनाक हादसे से मृतकों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं दो लोगों की मौत के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही तमनार पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाकारित डंपर को अपने कब्जे में लेकर आगे की जांच एवं वैधानिक कार्रवाई में जुट गई है।

टिप्पणियाँ (0)
अपनी टिप्पणी लिखें