सेल्फी के एक पल ने उजाड़ दिए तीन घर!


हसदेव की तेज धार में बह गए तीन बी-फार्मा छात्र, एक को बचाने उतरे दो साथी; रात का अंधेरा रोक गया रेस्क्यू, सुबह फिर नदी में उतरी SDRF


जांजगीर-चांपा | 12 सितंबर 2026 | CGEYE24

देवरी-चिचौली के हसदेव नदी तट पर शुक्रवार को पिकनिक मनाने पहुंचे कॉलेज विद्यार्थियों की खुशियां देखते ही देखते चीख-पुकार में बदल गईं। बिलासपुर के चौकसे कॉलेज के बी-फार्मा प्रथम वर्ष के 8 विद्यार्थियों के समूह में से तीन छात्र नदी के तेज बहाव में बह गए।


एक को बचाने उतरे, तीनों ही लापता

पुलिस के अनुसार घटना शुक्रवार दोपहर करीब 2 से 2:30 बजे हुई। नदी किनारे सेल्फी लेते समय एक छात्र का पैर फिसला और वह तेज बहाव में बहने लगा। उसे बचाने के प्रयास में दो अन्य साथी भी नदी में कूद गए और देखते ही देखते तीनों धारा में ओझल हो गए।


लापता छात्रों की पहचान मुरारी साहू (22), पिता उत्तर साहू, निवासी कुंडा, थाना पंडरिया, जिला कवर्धा; पवन लाल (22), निवासी चिरमिरी, मरवाही और सचिन सिंह (23), पिता यशवंत सिंह, निवासी अंबिकापुर के रूप में हुई है।


ड्रोन से तलाश, अंधेरा बना बाधा

हादसे की सूचना पर CSP योगिता बाली खापर्डे, बलौदा थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। SDRF और नगर सैनिक गोताखोरों ने ड्रोन की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन तेज बहाव और अंधेरा होने के कारण शुक्रवार शाम को अभियान रोकना पड़ा। शनिवार सुबह उजाला होते ही तलाश फिर से शुरू कर दी गई है। अभी तक किसी के मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।


नदी किनारे इंतजार और घरों में सन्नाटा

घटनास्थल की तस्वीरें उस भयावह इंतजार की कहानी कह रही हैं, जहां पुलिस अधिकारी नदी की धार को देखते हुए अगली सूचना का इंतजार कर रहे हैं। तीनों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।


सवाल सुरक्षा व्यवस्था पर भी

हर साल पिकनिक के लिए मशहूर इस स्थल पर खतरनाक हिस्सों में चेतावनी बोर्ड, सुरक्षा निगरानी और बैरिकेडिंग कितनी प्रभावी है? बरसात में बढ़े जलस्तर को लेकर क्या पर्यटकों को स्पष्ट चेतावनी दी जाती है? यह बड़ा सवाल है।


फिलहाल हसदेव की लहरों में सिर्फ तीन छात्र नहीं, तीन परिवारों की उम्मीदें भी बही हैं और अब सबकी नजर SDRF के रेस्क्यू अभियान पर टिकी है।


#Hasdeo River #Janjgir Champa #Baloda, #Deori Chichauli #Bilaspur Chouksey College #SDRF Rescue Chhattisgarh News #CGEYE24 Picnic Spot Hadsa #Student Drowned