आखिरकार गिरी गाज! प्रभारी DEO जोईध्या राम डहरिया निलंबित, खरसिया BEO को अतिरिक्त प्रभार


रायगढ़/सारंगढ़-बिलाईगढ़। लोक शिक्षण संचालनालय, नवा रायपुर ने 3 सितंबर 2026 को आदेश क्र. 2233 जारी कर सारंगढ़-बिलाईगढ़ के प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी जोईध्या राम डहरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई छ.ग. सिविल सेवा नियम 1966 के नियम 9(1)(क) के तहत की गई है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय संयुक्त संचालक शिक्षा, रायपुर नियत किया गया है।


आदेश में कारण का उल्लेख नहीं, विभागीय सूत्रों से वजह सामने आई

गौरतलब है कि लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी निलंबन आदेश में निलंबन के कारणों का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया है। आदेश में केवल नियमों का हवाला दिया गया है। हालांकि स्कूल शिक्षा विभाग, मंत्रालय नवा रायपुर के संबंधित मूल आदेश और विभागीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई वित्तीय अनियमितता से जुड़े एक पुराने मामले को लेकर की गई है। जानकारी के अनुसार आरोप है कि डहरिया ने BEO बसना, जिला महासमुंद के पद पर पदस्थ रहने के दौरान शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शालाओं के विद्युत देयकों से संबंधित राशि में कथित गड़बड़ी की, जिससे शासन को वित्तीय नुकसान होने की बात सामने आई है।


विभागीय जानकारी के अनुसार प्रथम दृष्टया इसे पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही और छ.ग. सिविल सेवा आचरण नियमों के विपरीत मानते हुए यह कार्रवाई की गई है। हालांकि इस संबंध में विभागीय जांच जारी है और अंतिम निष्कर्ष जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।


खरसिया BEO को अतिरिक्त प्रभार

शासन ने डहरिया के स्थान पर खरसिया BEO लक्ष्मी नारायण पटेल को सारंगढ़-बिलाईगढ़ DEO का अतिरिक्त प्रभार और आहरण-संवितरण अधिकार सौंपा है।


फिलहाल निलंबन की पुष्टि हो गई है, असली स्थिति विभागीय जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।


---

संपादकीय नोट: इस खबर में निलंबन की पुष्टि आधिकारिक आदेश से की गई है, जबकि कारणों के संबंध में जानकारी विभागीय सूत्रों व अन्य मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से दी गई है, जिसकी आधिकारिक पुष्टि विभागीय जांच के बाद होगी।