युवक से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट में भेजा गया न्यायिक रिमांड पर


🚨 महिला सुरक्षा के मामलों में रायगढ़ पुलिस की संवेदनशील एवं सख्त कार्रवाई जारी


रायगढ़। एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में संचालित "अभियान संवेदना" के तहत जिले में महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित शिकायतों पर पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ त्वरित कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना भूपदेवपुर पुलिस ने दुष्कर्म के गंभीर मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी को खोजकर गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।


जानकारी के अनुसार दिनांक 20 जुलाई 2026 को एक महिला अपनी पुत्री के साथ थाना भूपदेवपुर पहुंची और ग्राम जैमुड़ा निवासी शिव कुमार चौहान (20 वर्ष) के विरुद्ध बहला-फुसलाकर ले जाने एवं दुष्कर्म करने की रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्टकर्ता ने बताया कि उसकी पुत्री 14 जुलाई 2026 को अपने रिश्तेदार के घर घरघोड़ा गई थी, जहां से वह लापता हो गई। परिवारजन उसकी तलाश कर रहे थे, तभी आरोपी ने स्वयं फोन कर बताया कि वह युवती को अपने साथ गांव ले आया है और उससे शादी करेगा।


परिजनों द्वारा लगातार तलाश किए जाने पर आरोपी 19 जुलाई को युवती को उसके घर छोड़कर फरार हो गया। पीड़िता ने परिजनों को बताया कि आरोपी उसे ग्राम टेंडा नवापारा से मोटरसाइकिल में बैठाकर शादी का झांसा देकर अपने गांव जैमुड़ा ले गया, जहां अपने घर में 6-7 दिनों तक उसकी इच्छा के विरुद्ध लगातार शारीरिक संबंध बनाकर दुष्कर्म किया।


मामले की गंभीरता को देखते हुए नव पदस्थ थाना प्रभारी भूपदेवपुर निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक द्वारा महिला उप निरीक्षक संध्यारानी कोका ने पीड़िता का कथन दर्ज कर अपराध पंजीबद्ध किया। थाना प्रभारी निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक ने तत्काल पुलिस टीम के साथ आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी और आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। आरोपी के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।


इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक, महिला उप निरीक्षक संध्यारानी कोका तथा थाना भूपदेवपुर के पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।


एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश : "महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा से जुड़े अपराधों में रायगढ़ पुलिस 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर कार्य कर रही है। हर पीड़िता को त्वरित न्याय और हर आरोपी को शीघ्र कानून के कठघरे तक पहुंचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।"