रायगढ़। शहर के कबीर चौक-ओडिशा रोड पर सोमवार दोपहर तेज रफ्तार बाइक और स्कूटी की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी सवार बुजुर्ग समेत 3 लोग घायल हो गए। बाइक पर सवार एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक हादसा वार्ड 34 स्थित पूर्व पार्षद रामकृष्ण खटर्जी की राशन दुकान के सामने हुआ। अंबेडकर नगर से स्कूटी पर सवार एक बुजुर्ग कबीर चौक की ओर जा रहे थे। तभी विपरीत दिशा से तेज गति से आ रही बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि...
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर के बाद दोनों वाहन चालक सड़क पर गिर पड़े। स्कूटी सवार बुजुर्ग के हाथ-पैर में चोटें आई हैं। बाइक चालक का हाथ फैक्चर हो गया। बाइक पर पीछे बैठे दूसरे युवक के सिर और जबड़े में गंभीर चोट आई है और काफी रक्तस्राव हुआ।
पुलिस ने पहुंचाकर कराया इलाज...
सूचना पर जुटमिल पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अपेक्स हॉस्पिटल ले जाया गया। बाइक सवार युवक की गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मेट्रो हॉस्पिटल रेफर कर दिया। बुजुर्ग का प्राथमिक उपचार के बाद हालत स्थिर है।
फिलहाल घायलों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। हादसे का सही कारण जांच के बाद स्पष्ट होगा।

टिप्पणियाँ (0)
अपनी टिप्पणी लिखें