15 अगस्त: अनुशासन और उत्साह के साथ रायगढ़ पुलिस ने मनाया स्वतंत्रता दिवस।

रायगढ़ पुलिस में दिखा जज्बा, एएसपी अनिल सोनी ने जिला कार्यालय में किया ध्वजारोहण।


रायगढ़। CGEYE24.COM / देश के 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रायगढ़ पुलिस ने जिले भर में देशभक्ति और अनुशासन का परिचय दिया। जिला पुलिस कार्यालय सहित जिले के सभी थाना, चौकी और रक्षित केंद्र में गरिमामय ढंग से ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए।


जिला पुलिस कार्यालय परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर सशस्त्र जवानों ने राष्ट्रीय धुन के साथ तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और "भारत माता की जय" के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।


अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि देश की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा के प्रति पुलिस बल अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करता रहेगा।


कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात पुष्पेन्द्र बघेल, नगर पुलिस अधीक्षक सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस जवान मौजूद रहे।


थाना-चौकियों में भी दिखा उत्साह

जिले के सभी थाना और चौकियों में भी प्रभारी अधिकारियों ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान जवानों को राष्ट्र सेवा और कानून व्यवस्था बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। रक्षित केंद्र में भी परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।


पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में जवानों ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। पूरे जिले में पुलिस विभाग द्वारा स्वतंत्रता दिवस को पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया।


रिपोर्ट: कैलाश आचार्य

CGEYE24.COM