मंत्री ओ.पी.चौधरी के नेतृत्व में निकला कैंडल मार्च, राष्ट्रीय एकता का दिया संदेश।।


रायगढ़। भारत विभाजन विभीषिका स्मरण दिवस के अवसर पर आज सिंदूर पार्क, रायगढ़ में भारत विभाजन की त्रासदी को स्मरण करते हुए भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया।


कार्यक्रम में विभाजन की पीड़ा और मानवीय त्रासदी को दर्शाती छायाचित्र प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में विभाजन के दौरान हुए विस्थापन, हिंसा और बलिदान के दुर्लभ चित्रों को देखकर उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गईं।


श्रद्धांजलि और विरोध का प्रतीक - काली पट्टी

कार्यक्रम में प्रदेश के वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय सहित जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने विभाजन के दौरान अपने प्राण गंवाने वाले लोगों को मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।


इस दौरान सभी ने काली पट्टी बांधकर भारत विभाजन की विभीषिका के प्रति अपना विरोध और पीड़ा प्रकट की।


राष्ट्रीय एकता का संदेश देता कैंडल मार्च

श्रद्धांजलि के पश्चात वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी की अगुवाई में कैंडल मार्च निकाला गया। हाथों में जलती मोमबत्तियां और "भारत माता की जय" के नारों के साथ निकले मार्च ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि "विभाजन की पीड़ा को भूलना नहीं है, बल्कि उससे सीख लेकर देश की एकता को और मजबूत करना है। आज का दिन हमें याद दिलाता है कि टूटने से क्या खोता है और जुड़ने से क्या मिलता है।"


उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इतिहास से प्रेरणा लेकर देश को एकजुट रखने में अपना योगदान दें। कार्यक्रम के अंत में देश की अखंडता के लिए सामूहिक प्रार्थना की गई।


@CGEYE24.Com 🇮🇳

_हर खबर पर, अपनी नज़र_