दोस्त को डांटने का बदला लेने पहुंचा था आरोपी विवेक यादव, सीसीटीवी फुटेज बना अहम सुराग - पूंजीपथरा पुलिस को मिली बड़ी सफलता ।
रायगढ़ / पूंजीपथरा। गेरवानी शराब दुकान में गार्ड पर हुई सनसनीखेज फायरिंग के मामले में पूंजीपथरा पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। फायरिंग कर दूसरे राज्य में फरार हुए आरोपी को पुलिस ने बिहार के जमुई जिले से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान विवेक यादव के रूप में हुई है। 17 अगस्त को गेरवानी स्थित शासकीय देशी कंपोजिट मदिरा दुकान में आरोपी ने निजी गार्ड पर पिस्टलनुमा हथियार से फायर कर दिया था और मौके से फरार हो गया था।
वारदात के बाद आरोपी रायगढ़ से सीधे बिहार भाग गया था। लेकिन पूंजीपथरा पुलिस ने इस चुनौती को गंभीरता से लिया। थाना प्रभारी की टीम ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, स्थानीय स्तर पर पतासाजी की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान पुख्ता की।
लोकेशन बिहार में मिलने के बाद रायगढ़ पुलिस की एक विशेष टीम बिहार रवाना हुई। वहां स्थानीय पुलिस के सहयोग से जमुई जिले में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस को देखकर आरोपी खेत में छिप गया था, जहां से उसे धर दबोचा गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद कर ली है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके दोस्त को दुकान के गार्ड ने डांट दिया था, जिसका बदला लेने के लिए वह पिस्टल लेकर पहुंचा था और गार्ड पर गोली चला दी।
आरोपी को बिहार से ट्रांजिट रिमांड पर रायगढ़ लाया गया है, जहां से उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि अपराध कर दूसरे राज्य में भाग जाने वाले आरोपी अब रायगढ़ पुलिस की पहुंच से बाहर नहीं हैं।
#रायगढ़ #रायगढ़पुलिस #पूंजीपथरा #गेरवानी #बिहार #जमुई #फायरिंग #शूटरगिरफ्तार #पिस्टलबरामद #क्राइम #अपराध #पुलिसकार्रवाई #सीसीटीवी #पुलिससफलता #शराबदुकान #गार्डपरफायरिंग #विवेकयादव #छत्तीसगढ़ #Raigarh #RaigarhPolice #CrimeNews #ChhattisgarhNews

टिप्पणियाँ (0)
अपनी टिप्पणी लिखें