नदी के तेज बहाव में बही जिंदगी, 1 किलोमीटर दूर झाड़ियों में फंसा मिला शव, गांव में पसरा मातम।
@cgeye24.com / जशपुर / बगीचा। एक पिता बेटी से मिलने के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में काल बनी नदी ने उसे हमेशा के लिए छीन लिया। बगीचा थाना क्षेत्र के डुमरटोली में दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां डोड़की नदी पार करते समय तेज बहाव में बहने से 54 वर्षीय पहाड़ी कोरवा की दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक की पहचान बूधुराम पहाड़ी कोरवा (54 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बूधुराम अपनी लाडली बेटी के ससुराल डुमरकोना जा रहा था। पिता का मन बेटी से मिलने को आतुर था, लेकिन डुमरटोली के पास डोड़की नदी उफान पर थी। नदी पार करने की कोशिश में अचानक पांव फिसला और देखते ही देखते तेज धार उसे बहा ले गई।
जब काफी देर तक बूधुराम ससुराल नहीं पहुंचा तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। ग्रामीणों के साथ नदी में तलाश की गई। करीब एक किलोमीटर दूर नदी के बीच झाड़ियों में फंसा उसका शव मिला। शव देखते ही परिजनों की चीख निकल गई। ग्रामीणों ने बड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।
पहाड़ी कोरवा विशेष पिछड़ी जनजाति से ताल्लुक रखते थे। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। बगीचा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
#Jashpur #MarmikKhabar #PahadiKorwa #Bagicha #EmotionalNews #CGNews

टिप्पणियाँ (0)
अपनी टिप्पणी लिखें