मृत बछड़े दफनाने के एवज में मिले रुपए बंटवारा को लेकर उपजे विवाद में बाप-बेटे ने बहिंगा-पत्थर से सिर कुचलकर युवक को मार डाला।


जशपुर/सन्ना। पेट पालने के लिए लकड़ी बेचने आए एक व्यक्ति की हत्या सिर्फ इस बात पर हो गई कि उसने मृत बछड़ा दफनाने के एवज में मिले रुपए में अपना हिस्सा मांग लिया। थाना सन्ना क्षेत्र के ग्राम कंदराई पाठ में हुए इस खूनी विवाद में बाप-बेटे ने मिलकर अपने ही गांव के युवक के सिर पर लकड़ी के बहिंगा और पत्थर से वार कर दिया। इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।


क्या है पूरा मामला...

पुलिस के अनुसार दिनांक 10 अगस्त 2026 की शाम ग्राम कंदराई पाठ निवासी अघनू राम कोरवा उम्र 36 वर्ष ने थाना सन्ना में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि उसका भाई फगुआ राम उम्र 30 वर्ष पत्नी के साथ लकड़ी बेचने सन्ना आया था।


इसी दौरान गांव के ही राजू नामक व्यक्ति ने आरोपी फगुआ राम कोरवा उम्र 50 वर्ष और उसके बेटे बृजनाथ राम कोरवा उम्र 21 वर्ष को अपने घर के मृत बछड़े को दफनाने का काम दिया था। काम के बदले दोनों को रुपए मिले थे।


शाम को पंचायत भवन सन्ना के पास मृतक फगुआ राम की आरोपियों से मुलाकात हुई। मृतक ने बछड़े को दफनाने के पैसे में अपना हिस्सा मांगा। इसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने अपने पास रखे लकड़ी के बहिंगा और पास पड़े पत्थर से फगुआ राम के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया।


रास्ते में तोड़ा दम...

गंभीर रूप से घायल फगुआ राम को एंबुलेंस से उपचार के लिए जशपुर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।


पुलिस की त्वरित कार्रवाई....

रिपोर्ट पर थाना सन्ना में BNS की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध पंजीबद्ध किया गया। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण, शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया। शॉर्ट PM रिपोर्ट में सिर में लगी चोट से मृत्यु की पुष्टि हुई।


पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का बहिंगा और पत्थर भी जब्त कर लिया है। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।


गिरफ्तार आरोपी:

1. फगुआ राम कोरवा, उम्र 50 वर्ष

2. बृजनाथ राम कोरवा, उम्र 21 वर्ष

दोनों निवासी ग्राम कंदराई पाठ, थाना सन्ना, जिला जशपुर


इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सीरद साय पैंकरा, प्रधान आरक्षक रविंद्र एक्का, आरक्षक मनोज जांगड़े, सुरेश टोप्पो व संतोष प्रजापति की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


#JashpurNews #Sanna #Murder #ChhattisgarhNews #CGCrime #BNS103