रायगढ़ की बेटियों का अंतरराष्ट्रीय जलवा, भारत को दिलाया कांस्य पदक
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले की तीन बेटियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर कमाल कर दिया है। मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय लैक्रोस टूर्नामेंट में भारतीय महिला टीम ने कांस्य पदक जीता है, जिसमें रायगढ़ के महलोई क्षेत्र की तीन खिलाड़ी शामिल थीं।
वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी के प्रोत्साहन और जिला प्रशासन के सहयोग से जिले की सोनम बंजारा, शांति प्रधान और मानसी भूमिया ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। भारतीय टीम ने सिंगापुर को हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया।
सफलता के बाद तीनों खिलाड़ी अपने कोच देवावतार चौधरी के साथ कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी से मिलने पहुंचीं। कलेक्टर ने कहा, "बेटियों का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर पदक जीतना पूरे रायगढ़ के लिए गौरव की बात है।" उन्होंने खिलाड़ियों को आगे हरसंभव मदद का भरोसा दिया। इस दौरान CEO जिला पंचायत अभिजीत बबन पठारे और ADM अपूर्व प्रियेश टोप्पो मौजूद रहे।
कोच देवावतार चौधरी ने बताया कि सिंगापुर के खिलाफ मुकाबले में टीम ने शानदार खेल दिखाया। खिलाड़ियों ने इस उपलब्धि के लिए वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी और जिला प्रशासन का आभार जताया।

टिप्पणियाँ (0)
अपनी टिप्पणी लिखें