रायगढ़, 27 अगस्त। रायगढ़ शहर के वार्ड क्रमांक 34 नवापारा में जल निकासी की समस्या को दूर करने के लिए करीब 79.17 लाख रुपये की लागत से नाली और पुलिया निर्माण कराया जाएगा। बुधवार को वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने आरसीसी नाली निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। तीन चरणों में होने वाले इस निर्माण से नवापारा के साथ वार्ड क्रमांक 33 के संबंधित हिस्से में भी जल निकासी व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।


तीन चरणों में होगा निर्माण



ऑक्सीजोन के पीछे स्थित पुराने नाले के संधारण और नए निर्माण का काम तीन चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में 14.48 लाख रुपये की लागत से मनोज के घर से मनबोध के घर तक पुराने नाले का संधारण एवं निर्माण किया जाएगा।


दूसरे चरण में 47.79 लाख रुपये की लागत से मनोज के घर से एनएच स्थित पुल तक नाला निर्माण प्रस्तावित है। वहीं तीसरे चरण में वार्ड क्रमांक 33 में बाबूलाल के घर से चंदगीराम कोल्ड स्टोरेज तक 16.90 लाख रुपये की लागत से नाला एवं पुलिया निर्माण कराया जाएगा।



तीनों चरणों की कुल लागत 79.17 लाख रुपये है। निर्माण पूरा होने के बाद बारिश के दौरान पानी की निकासी बेहतर होने के साथ क्षेत्र में आवागमन की सुविधा में भी सुधार होने की उम्मीद है।


समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निर्माण पर जोर



शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि शहर में आवश्यक अधोसंरचना से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर जोर दिया।



कार्यक्रम में नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्री लाल साहू, उमेश अग्रवाल, सुरेश गोयल, पार्षदगण, अन्य जनप्रतिनिधि, संबंधित अधिकारी और बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।