रायगढ़, 27 अगस्त। सरकारी कामों के लिए जनपद और जिला मुख्यालय तक दौड़ लगाने वाले महलोई के ग्रामीणों को अब स्थानीय स्तर पर ही कई सेवाओं की सुविधा मिलेगी। तमनार जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत महलोई में ‘सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान’ के तहत ग्रामीण सचिवालय शुरू किया गया है। यहां विभिन्न विभागों से जुड़े आवेदन लेने के साथ ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं की जानकारी और आवश्यक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा।
ग्रामीण सचिवालय के शुभारंभ कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक सिदार, जिला पंचायत सदस्य रमेश बेहरा और सरपंच श्रीमती गौरी राठिया मौजूद रहीं। एसडीएम प्रवीण तिवारी, जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं उपसंचालक पंचायत एवं समाज कल्याण विभाग नीलाराम पटेल, जनपद पंचायत तमनार के सीईओ धर्मेन्द्र वैस, तहसीलदार शिवम पाण्डेय और नायब तहसीलदार पंकज मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
एक ही जगह कई सरकारी सेवाओं की सुविधा
ग्रामीण सचिवालय के माध्यम से आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं से जुड़े कामों के लिए स्थानीय स्तर पर सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।
शुभारंभ के दौरान पंचायत सचिव, पटवारी, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और राजस्व विभाग के कर्मचारियों ने ग्रामीणों से आवेदन प्राप्त किए। मौके पर विभिन्न प्रकरणों के निराकरण की प्रक्रिया भी शुरू की गई।
समय और खर्च दोनों बचने की उम्मीद
जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक सिदार ने कहा कि ग्रामीण सचिवालय शुरू होने से छोटे-छोटे सरकारी कार्यों के लिए ग्रामीणों को दूर स्थित कार्यालयों तक जाने की जरूरत कम होगी। इससे समय, श्रम और आने-जाने में होने वाला खर्च बचेगा। उन्होंने ग्रामीणों से इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।
योजनाओं की पहुंच बढ़ाने पर जोर
ग्रामीण सचिवालय के जरिए पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं की जानकारी और लाभ पहुंचाने पर भी जोर दिया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य ग्रामीणों और सरकारी तंत्र के बीच सीधा संपर्क मजबूत करना तथा स्थानीय स्तर पर समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना है।
गांव में ही अधिकारियों-कर्मचारियों की मौजूदगी और आवेदन लिए जाने की व्यवस्था से ग्रामीणों में उत्साह नजर आया। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि इस पहल से सरकारी कामों के लिए बार-बार बाहर जाने की परेशानी कम होगी।

टिप्पणियाँ (0)
अपनी टिप्पणी लिखें