शिवा सारथी गैंग पुलिस के शिकंजे में: 5 चोरी का खुलासा, नकदी- जेवर- बाइक बरामद।


चक्रधरनगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई: सीसीटीवी और मुखबिर से पकड़ा गया चोर गिरोह। पढ़ें पूरी खबर...


रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए महज 48 घंटे के भीतर दो अलग-अलग चोरी की वारदातों का पर्दाफाश कर एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। थाना चक्रधरनगर पुलिस ने निगरानी बदमाश शिवा सारथी उर्फ शिवा, उसकी पत्नी पिंकी सारथी, प्रभात राय उर्फ सोनू बंगाली और कुश केरकेट्टा को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब ₹2 लाख की मशरूका बरामद की है। बरामद सामान में ₹63,700 नकद, सोने का टॉप्स, पीतल का लोटा, रेंजर साइकिल, चोरी में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, लोहे की रॉड सहित अन्य सामान शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि रायगढ़ पुलिस ने पिछले दो दिनों में चोरी के पांच मामलों का सफल खुलासा कर अपराधियों पर लगातार शिकंजा कसा है।

पुलिस के अनुसार पहली वारदात सूर्या बिहार, कौहाकुण्डा स्थित प्रोफेसर सरोज कुमार चंद्रा के घर के बाहर खड़ी बच्चे की रेंजर साइकिल चोरी की थी। वहीं दूसरी घटना दीनदयालपुरम कॉलोनी फेस-1 में हुई, जहां गृहस्वामिनी श्रीमती सेवती पटेल अपनी सास के निधन पर बरमकेला गई हुई थीं। इसी दौरान सूने मकान का ताला तोड़कर चोर अलमारी से ₹70 हजार नकद, सोने का टॉप्स और पीतल का लोटा चोरी कर ले गए। दोनों मामलों में थाना चक्रधरनगर में अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में दिखाई दिए संदिग्ध महिला एवं पुरुष की पहचान मुखबिरों की सूचना के आधार पर शिवा सारथी और उसकी पत्नी पिंकी सारथी के रूप में हुई। इसी बीच सूचना मिली कि चोरी का सोने का टॉप्स बेचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर शिवा सारथी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ दोनों चोरियों को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि शिवा और कुश केरकेट्टा ने दिन में सूर्या बिहार से रेंजर साइकिल चोरी की थी, जबकि उसी रात शिवा, उसकी पत्नी पिंकी और प्रभात राय दीनदयालपुरम पहुंचे। वहां सूने मकान का ताला लोहे की रॉड से तोड़कर नकदी और जेवरात चोरी कर लिए। आरोपियों ने चोरी की रकम आपस में बांट ली और काफी राशि शराब तथा अन्य खर्चों में उड़ा दी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर नकदी, जेवर, साइकिल, दोनों मोटरसाइकिल और वारदात में प्रयुक्त लोहे की रॉड जब्त कर सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस संपत्ति संबंधी अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। वैज्ञानिक जांच, तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और सतत निगरानी के माध्यम से चोरी की हर घटना का शीघ्र खुलासा किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा सहित चक्रधरनगर थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।