रायगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई: घर से जेवर- मोबाइल चुराने वाला गिरफ्तार, बुलेट चोरी का भी खुलासा।


रायगढ़। भूपदेवपुर पुलिस ने घर में चोरी की वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी गया चांदी का सामान और मोबाइल भी बरामद किया गया है।


पुलिस के अनुसार ग्राम डोंगाढकेल निवासी घनश्याम साहू के घर से 3-4 अगस्त की रात चांदी के पायल, बिछिया और POCO मोबाइल चोरी हुए थे। थाना प्रभारी निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक के नेतृत्व में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गांव लौटते समय आरोपी सनत कुमार उर्फ नानू साहू 29 वर्ष निवासी डोंगाढकेल को घेराबंदी कर पकड़ लिया। उसके कब्जे से लगभग 30 हजार रुपये का चोरी गया सामान बरामद हुआ।


पूछताछ में आरोपी ने सक्ती जिले के चंद्रपुर थाना क्षेत्र से बुलेट मोटरसाइकिल चोरी करना भी स्वीकार किया। उस मोटरसाइकिल को संबंधित पुलिस पहले ही बरामद कर चुकी है।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि संपत्ति संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई और चोरी गए माल की शीघ्र बरामदगी रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता है।