अपराधियों पर और कसेगा शिकंजा: एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कोतवाली में किया बड़ा बदलाव, निरीक्षक अमित तिवारी बने नए टीआई


रायगढ़। शहर की कानून-व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने तथा अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने एक अहम प्रशासनिक फेरबदल किया है। शनिवार को जारी आदेश के तहत निरीक्षक अमित तिवारी को रायगढ़ पुलिस कार्यालय की न्यायालय शाखा से हटाकर कोतवाली थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं अब तक कोतवाली टीआई रहे सुरेंद्रनंदन पटेल को न्यायालय शाखा, पुलिस कार्यालय रायगढ़ में पदस्थ किया गया है।


एसएसपी द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह बदलाव तत्काल प्रभाव से लागू होगा। पुलिस महकमे में इसे शहर की पुलिसिंग को और अधिक मजबूत बनाने तथा अपराध नियंत्रण की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। हाल के दिनों में रायगढ़ शहर में अपराधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम को अब नए नेतृत्व के साथ और अधिक सक्रिय किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।


आदेश के अनुसार प्रधान आरक्षक क्रमांक 284 श्यामबदन साहू को भी रक्षित केंद्र रायगढ़ से स्थानांतरित कर थाना धरमजयगढ़ भेजा गया है।


पुलिस विभाग में हुए इस प्रशासनिक बदलाव को अपराधियों पर शिकंजा कसने और कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब शहरवासियों की नजर नए कोतवाली प्रभारी अमित तिवारी की कार्यशैली और अपराध नियंत्रण को लेकर उठाए जाने वाले कदमों पर रहेगी।