CG EYE 24 NEWS
Raigarh

पेट्रोल पंप में QR पेमेंट का फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाकर 6100 की ठगी, कार का नंबर प्लेट छिपाकर भागने वाले युवक को पुलिस ने दबोचा

CG EYE 24 Admin · 7 अगस्त 2026

पेट्रोल पंप में QR ठगी का पर्दाफाश! कार का नंबर प्लेट छिपाकर पेट्रोल भरवाता, फर्जी पेमेंट का स्क्रीनशॉट दिखाकर भाग जाता था। पड़े पूरी खबर।।


रायगढ़। नंबर प्लेट पर काली पट्टी लगाकर पेट्रोल भरवाने और QR कोड का फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाकर पेट्रोल पंप को चपत लगाने वाले 19 वर्षीय युवक को जूटमिल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने 2 महीने में दो बार इस तरह से 6100 रुपये की ठगी की थी।


जानकारी के अनुसार दर्रामुड़ा स्थित भारत पेट्रोलियम पेट्रोल पंप के संचालक अमित कुमार गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया कि आरोपी युवक 7 जून और 25 जुलाई 2026 को अपनी सफेद बलेनो कार से आया। उसने क्रमशः 2500 और 3600 रुपये का पेट्रोल भरवाया और पेमेंट के नाम पर क्यूआर का फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाकर कर्मचारियों को झांसा देकर फरार हो गया।


शिकायत के बाद जूटमिल पुलिस ने जांच शुरू की। आरोपी ने कार की नंबर प्लेट काली पट्टी से ढक रखी थी। लेकिन पुलिस ने घटनास्थल, मार्ग और झलमला टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके बाद कार के अलग-अलग रंग के मिरर कवर और डिक्की के पास क्षतिग्रस्त हिस्से जैसे खास निशानों से बलेनो CG13AQ2394 की पहचान की गई।


पुलिस ने आरोपी मयंक शर्मा पिता, निवासी बावलीकुआं, रायगढ़ को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने दोनों वारदात कबूल कर लीं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बलेनो कार को जब्त कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी विश्लेषण के माध्यम से धोखाधड़ी करने वाले अपराधियों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।।

WhatsApp Facebook Twitter
पूरी खबर व अन्य समाचार पढ़ें →
© 2026 CG EYE 24 NEWS
About| Contact| Privacy| Disclaimer