जुटमिल पुलिस की कार्रवाई से ट्रांसपोर्टरों को राहत, 10 दिन पहले तमनार पुलिस ने भी पकड़ा था गिरोह।
रायगढ़। हाईवे पर खड़े ट्रेलर और भारी वाहनों से डीजल चोरी करने वाले गिरोहों पर रायगढ़ पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। जूटमिल पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट लगी स्कॉर्पियो से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मामले की शुरुआत 3 फरवरी 2026 को हुई थी, जब अमलीभौना में एनएच-49 किनारे एक सफेद स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त मिली थी। वाहन में 10 लीटर डीजल, प्लास्टिक पाइप, सब्बल और अलग-अलग नंबर की प्लेटें बरामद हुईं।
जांच में पता चला कि आरोपी असली नंबर हटाकर CG-04-BT-0664 की फर्जी प्लेट लगाकर हाईवे पर खड़े ट्रेलरों को निशाना बनाते थे। पूछताछ में संदीप कुमार डहरिया, उम्र 34 वर्ष निवासी बिरगहनी, जांजगीर-चांपा और सुनील कुमार केवट, उम्र 30 वर्ष निवासी खम्हरिया, कोरबा ने बताया कि गिरोह का सरगना पुरुषोत्तम यादव के कहने पर वे वारदात करते थे। डीजल चोरी के दौरान ट्रेलर चालक के जाग जाने पर स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई थी।
मुख्य आरोपी पुरुषोत्तम यादव, निवासी बगडबरी पहले से बिलासपुर केंद्रीय जेल में बंद है। उसके खिलाफ कोरबा-बिलासपुर में चोरी के 5 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट लेकर उससे पूछताछ की तैयारी की है। गिरोह के 2 अन्य सदस्य शिव कुमार रजक और कुलदीप साण्डे फरार हैं।
दोनों आरोपियों को 12 अगस्त को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर भेजा गया। प्रकरण जूटमिल थाने में अपराध क्रमांक 46/2026 धारा 336, 338, 340, 287 बीएनएस और 3/7 ईसी एक्ट में दर्ज है।
उल्लेखनीय है कि 6 अगस्त 2026 को तमनार पुलिस ने भी डीजल चोरी के संगठित गिरोह का भंडाफोड़ कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उस समय पुलिस ने बोलेरो वाहन, 50 लीटर डीजल और औजार जब्त किए थे। लगातार कार्रवाई से ड्राइवरों, गाड़ी मालिकों और ट्रांसपोर्टरों को बड़ी राहत मिली है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि हाईवे पर डीजल चोरी के नेटवर्क पर विशेष नजर है। संलिप्त सभी आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
#RaigarhPolice #DieselChori #Highway #Jutml #Tamnar #cgeye24