सरिया नाला हादसे में चालक की दर्दनाक मौत, घंटों की मशक्कत के बाद बरामद हुआ शव
पहले नदी में समाया ट्रक, अब सामने आया हादसे का भयावह सच; रेस्क्यू के बाद चालक का शव बरामद
रायगढ़। धरमजयगढ़ के सरिया नाला में हुए भीषण सड़क हादसे का दर्दनाक फॉलोअप सामने आया है। नाले में गिरे ट्रक के लापता चालक का शव बरामद कर लिया गया है। हादसे के बाद से चालक की तलाश में राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा था। कई घंटे की मशक्कत के बाद चालक का शव बरामद होने से हादसे की भयावहता और बढ़ गई।
रविवार सुबह सरिया नाला के पास एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरे नाले में जा गिरा था। ट्रक करीब 70 से 80 फीट नीचे गिरने के बाद पानी में समा गया। शुरुआती जानकारी में चालक के लापता होने की बात सामने आई थी, जिसके बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और उसकी तलाश शुरू की गई। ताजा जानकारी के अनुसार दोपहर करीब एक बजे चालक का शव बरामद किया गया।
बताया जा रहा है कि राहत एवं बचाव दल की मौजूदगी में नाले में डूबे ट्रक को बाहर निकालने की कार्रवाई भी की गई। इसके लिए हाइड्रा मशीन की मदद ली गई। ट्रक के पानी में डूब जाने और चालक के भीतर फंसे होने की स्थिति ने रेस्क्यू अभियान को चुनौतीपूर्ण बना दिया।
हादसे ने फिर खड़े किए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल...
सरिया नाला क्षेत्र में सड़क, पुल और आसपास की भौगोलिक स्थिति को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। संकरे मार्ग और मोड़ वाले इस हिस्से में भारी वाहनों की आवाजाही के बीच सुरक्षा इंतजाम कितने पर्याप्त हैं, यह जांच का विषय है। हालांकि हादसे के वास्तविक कारण की पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल एक परिवार ने अपना कमाने वाला खो दिया और सरिया नाला एक और दर्दनाक हादसे का गवाह बन गया। ट्रक के नाले में समाने से शुरू हुई घटना अब चालक की मौत की पुष्टि तक पहुंच चुकी है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।