CG EYE 24 NEWS
Chhattisgarh

फसल कटाई प्रयोग को लेकर अधिकारियों-कर्मचारियों को मिला प्रशिक्षण

CG EYE 24 Admin · 29 अगस्त 2026

रायगढ़, 27 अगस्त। खरीफ और रबी सीजन में फसल उत्पादन से जुड़े आंकड़ों के संकलन और फसल कटाई प्रयोग को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने के लिए जिले के राजस्व, भू-अभिलेख और कृषि विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। जिला कार्यालय के सृजन सभाकक्ष में आयोजित प्रशिक्षण में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, डिजिटल सामान्य फसल अनुमान सर्वेक्षण सहित कृषि सांख्यिकीय कार्यों की प्रक्रिया समझाई गई।



प्रशिक्षण में राजस्व एवं भू-अभिलेख विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के अधिकारी, कृषि विभाग के सहायक संचालक, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, फसल प्रयोगकर्ता अधिकारी-कर्मचारी, सहायक सांख्यिकी अधिकारी, राजस्व निरीक्षक, पटवारी, तहसील कानूनगो तथा कृषि मजदूरी और बाजार भाव से संबंधित प्रतिवेदन तैयार करने वाले कर्मचारी शामिल हुए।


मोबाइल ऐप से आंकड़े दर्ज करने की प्रक्रिया समझाई


प्रशिक्षण के दौरान प्रभारी अधिकारी भू-अभिलेख एवं डिप्टी कलेक्टर धनराज मरकाम ने मोबाइल ऐप के जरिए फसल संबंधी आंकड़े दर्ज करने की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने ऐप में दर्ज होने वाली सूचनाओं, जरूरी प्रक्रियाओं और सर्वेक्षण के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर विशेष जोर दिया।



उन्होंने कहा कि कृषि सांख्यिकीय कार्यों से जुटाए जाने वाले आंकड़े फसल उत्पादन के आकलन, फसल बीमा और किसानों से संबंधित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए आंकड़ों में शुद्धता और पारदर्शिता बनाए रखना जरूरी है।


सैद्धांतिक जानकारी के साथ कराया गया व्यवहारिक अभ्यास



मास्टर ट्रेनर शास्ती कुमार प्रधान, सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख और गिरीश चौधरी, राजस्व निरीक्षक भू-अभिलेख रायगढ़ ने प्रशिक्षणार्थियों को संभावित न्यादर्श पद्धति से फसल कटाई प्रयोग की प्रक्रिया समझाई। इसमें आवश्यक अभिलेख, सर्वेक्षण के दौरान सावधानियां और फसल संबंधी आंकड़ों के संकलन की जानकारी दी गई।


व्यवहारिक सत्र में मोबाइल ऐप के माध्यम से फसल कटाई प्रयोग और अन्य कृषि सांख्यिकीय कार्यों की प्रक्रिया का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षणार्थियों को ऐप में जानकारी दर्ज करने, विवरण सुरक्षित रखने और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्य पूरा करने का प्रशिक्षण दिया गया।

WhatsApp Facebook Twitter
पूरी खबर व अन्य समाचार पढ़ें →
© 2026 CG EYE 24 NEWS
About| Contact| Privacy| Disclaimer