CG EYE 24 NEWS
Raigarh

नवापारा में दर्दनाक सड़क हादसा: बाइक सवार दो युवकों की मौत, तीसरे की हालत गंभीर

CG EYE 24 Admin · 29 अगस्त 2026

घरघोड़ा/रायगढ़। घरघोड़ा थाना क्षेत्र के नवापारा के पास गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस वक्त हुआ, जब मोटरसाइकिल सवार तीन युवक नवापारा से भेंगारी रोड होते हुए अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर जा गिरी।




मिली जानकारी के अनुसार, 27 अगस्त की रात करीब 9 बजे मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक भेंगारी रोड की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार के कारण चालक का बाइक पर नियंत्रण नहीं रहा और तीनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 को घटना की सूचना दी।सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को उपचार के लिए घरघोड़ा अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान पंकज पिता सहुरन भगत, उम्र 22 वर्ष, निवासी बालमेर, थाना जशपुर तथा अमृत कुमार भगत पिता झलकू राम, उम्र 28 वर्ष, निवासी केसरा, थाना जशपुर के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल अतुल भगत पिता राजू भगत, निवासी खोखरोआमा की हालत गंभीर बताई जा रही है। घरघोड़ा अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए रायगढ़ जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे की सूचना मिलने के बाद घरघोड़ा पुलिस ने दोनों मृतकों के मामले में मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस द्वारा घटना के कारणों और हादसे की परिस्थितियों को लेकर विवेचना की जा रही है।


WhatsApp Facebook Twitter
पूरी खबर व अन्य समाचार पढ़ें →
© 2026 CG EYE 24 NEWS
About| Contact| Privacy| Disclaimer