CG EYE 24 NEWS
Chhattisgarh

जोक नदी में समाई कार-बाइक: पुल पर आमने-सामने भिड़ंत में एक की मौत, बाइक सवार लापता, नदी में रेस्क्यू जारी

CG EYE 24 Admin · 31 अगस्त 2026 · महासमुंद

पुल पर टक्कर, नदी में समाए कार-बाइक… एक की मौत, एक लापता। हादसे के बाद मची अफरा-तफरी; लापता बाइक चालक की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी।


महासमुंद। सांकरा थाना क्षेत्र में रविवार को जोक नदी के पुराने पुल पर कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहन पुल से नीचे नदी में जा गिरे। हादसे में कार सवार राज कुमार निषाद की मौत हो गई, जबकि बाइक चालक भागीरथी साहू नदी में बहकर लापता बताया जा रहा है। उसकी तलाश में रेस्क्यू टीम सर्च ऑपरेशन चला रही है।


पुलिस के अनुसार, कार क्रमांक CG06 GY 5870 में राज कुमार निषाद, मुकेश बारिक, रोशन चौहान और सुनील जगत सवार थे। हादसे में राज कुमार निषाद की मौत हो गई। कार में सवार अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सभी के दुधीयापाली, बसना निवासी होने की जानकारी सामने आई है।


वहीं बाइक पर भागीरथी साहू, विशाली साहू और विजय साहू सवार थे। हादसे के दौरान बाइक नदी में जा गिरी और भागीरथी साहू पानी के तेज बहाव में बह गया। बाइक सवार अन्य दोनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। वे बार क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।


तेज बहाव के बीच तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। नदी में लापता भागीरथी साहू की तलाश शुरू की गई है। तेज बहाव के कारण सर्च ऑपरेशन में दिक्कतें आ रही हैं, बावजूद इसके रेस्क्यू टीम लगातार तलाश में जुटी है।


हादसे की वजह की जांच

सांकरा थाना पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों वाहनों की टक्कर किस वजह से हुई, यह स्पष्ट नहीं है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ हादसे के कारणों और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी जुटा रही है।


कैलाश आचार्य (स्वतंत्र पत्रकार)

CGEYE24NEWS


#JokNadiHadsa #SarangarhBilaigarh #ChhattisgarhNews #RoadAccident #CarBikeAccident #BadaHadsa #CGNews #CGeye24 #SarangarhNews #BilaigarhNews #JokRiver #BreakingNews

WhatsApp Facebook Twitter
पूरी खबर व अन्य समाचार पढ़ें →
© 2026 CG EYE 24 NEWS
About| Contact| Privacy| Disclaimer