CG EYE 24 NEWS
Raigarh

थाने से चंद कदमों की दूरी पर चोरों का तांडव, एक रात में 3 दुकानों पर धावा - गश्त व्यवस्था की खुली पोल

CG EYE 24 Admin · 22 अगस्त 2026 · घरघोड़ा

बीते एक पखवाड़े में आधा दर्जन वारदातों से व्यापारी सहमे, CCTV में कैद हुई चोर की करतूत के बाद भी पुलिस के हाथ खाली...


रायगढ़/ घरघोड़ा। थाना से महज चंद कदमों की दूरी पर जब चोर बेखौफ होकर तीन-तीन दुकानों के ताले तोड़ दें तो समझा जा सकता है कि पुलिस की रात्री गश्त कितनी मुस्तैद है। बीती रात की इस सनसनीखेज वारदात ने न सिर्फ कानून व्यवस्था की पोल खोल दी है बल्कि व्यापारियों की सुरक्षा पर भी बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। चोरों ने प्रियदर्शी जनरल स्टोर, इंडेन गैस एजेंसी और पूजा रेस्टोरेंट को एक साथ निशाना बनाया।


CCTV फुटेज 22 अगस्त रात 02:58 बजे का है, जिसमें एक चोर दुकान के गल्ले पर हाथ साफ करता साफ दिख रहा है।


जानकारी के मुताबिक, चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए तीनों प्रतिष्ठानों के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया। दुकानों से नकदी अथवा सामान की कितनी चोरी हुई है, इसका आकलन संचालकों द्वारा किया जा रहा है। एक ही रात में तीन दुकानों के ताले टूटने की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया और व्यापारियों में दहशत का माहौल है।


स्थानीय लोगों और व्यापारियों का कहना है कि नगर में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन इसके बावजूद रात में पुलिस गश्त और निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि संवेदनशील इलाकों में नियमित गश्त और निगरानी बढ़ाई जाए तो चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है।


बताया जा रहा है कि घरघोड़ा थाना क्षेत्र में महज एक सप्ताह के भीतर चोरी की पांचवीं से छठवीं घटना सामने आई है। लगातार हो रही वारदातों से लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।


घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि चोरों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।


फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज के सहारे जांच की बात कह रही है, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि थाने के इतने करीब हुई इस वारदात के बाद भी अगर चोर पकड़ से बाहर हैं तो आम बस्तियों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा का क्या होगा? लगातार 6 चोरियों के बाद भी अगर रात्रि गश्त नहीं बढ़ी तो व्यापारियों का आक्रोश फूटना तय है। बहरहाल अब देखना होगा कि घरघोड़ा पुलिस इस चुनौती को कैसे पार करती है।


- कैलाश आचार्य / @cgeye24.com


#Gharghoda #GharghodaChori #RaigarhPolice #RaigarhNews #ChoriKiVardat #GharGhodaThana #CGCrime #ChhattisgarhNews #CGEYE24 #KailashAcharya #RaigarhSamachar #ThanaKePaasChori #VyapariPareshan #PoliceGashtParSawal

WhatsApp Facebook Twitter
पूरी खबर व अन्य समाचार पढ़ें →
© 2026 CG EYE 24 NEWS
About| Contact| Privacy| Disclaimer