CG EYE 24 NEWS
Chhattisgarh

घर से बुलाकर गली में ले गए, फिर टंगिया-रॉड से किया हमला! सरसींवा में पिता-पुत्रों समेत तीन पर हत्या के प्रयास की FIR

CG EYE 24 Admin · 25 नवंबर 2026 · सरसीवा

पैसों के पुराने लेनदेन का विवाद बना खूनी संघर्ष, 30 वर्षीय युवक के सिर, हाथ-पैर में गंभीर चोटें; पिता की रिपोर्ट पर BNS की धारा 109(1) समेत चार धाराओं में अपराध दर्ज।


सारंगढ़- बिलाईगढ़/ सरसींवा। पैसों के लेनदेन का पुराना विवाद सरसींवा थाना क्षेत्र के ग्राम झुमका में हिंसक संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि एक युवक को घर से बुलाकर गली में ले जाया गया, जहां पहले से मौजूद तीन लोगों ने टंगिया, लोहे की रॉड और हाथ-मुक्कों से उस पर हमला कर दिया। हमले में 30 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में पुलिस ने पिता-पुत्रों समेत तीन आरोपियों के विरुद्ध हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया है।


घर से बुलाकर ले जाने के बाद हमला.....

सरसींवा थाने में दर्ज FIR क्रमांक 0369/2026 के अनुसार, ग्राम झुमका निवासी लवकुश जाटवर (62 वर्ष) ने शिकायत में बताया कि उनके बेटे श्रीकांत जाटवर (30 वर्ष) का गांव के ही भरत रात्रे और टेकू रात्रे के साथ पैसों के लेनदेन को लेकर पुराना विवाद था।


शिकायत के मुताबिक, 24 नवंबर 2026 की रात करीब 7:30 बजे श्रीकांत अपने घर पर था। इसी दौरान सवित रात्रे उसे बुलाकर गांव के अटल चौक के पास स्थित गली में ले गया। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद भरत रात्रे, टेकू रात्रे और सवित रात्रे ने पैसों की बात को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर तीनों ने जान से मारने की धमकी देते हुए टंगिया, लोहे की रॉड और हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया।


डायल 112 की मदद से अस्पताल पहुंचा घायल....

हमले में श्रीकांत के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आने की बात शिकायत में कही गई है। आसपास के लोगों की मौजूदगी में घायल को डायल 112 की सहायता से सरसींवा स्थित रामा अस्पताल पहुंचाया गया। इसके बाद 25 नवंबर की तड़के करीब 1:55 बजे पिता लवकुश जाटवर ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।


हत्या के प्रयास समेत चार धाराओं में अपराध....

पुलिस ने भरत रात्रे, टेकू रात्रे और सवित रात्रे के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 109(1), 296, 351(3) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। इनमें हत्या का प्रयास, गाली-गलौज, आपराधिक धमकी और सामूहिक आशय से अपराध करने से संबंधित प्रावधान शामिल हैं।


फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना कर रही है। हमले में प्रयुक्त हथियारों, घटना की परिस्थितियों और आरोपों की पुष्टि जांच के दौरान होगी।

WhatsApp Facebook Twitter
पूरी खबर व अन्य समाचार पढ़ें →
© 2026 CG EYE 24 NEWS
About| Contact| Privacy| Disclaimer