CG EYE 24 NEWS
Raigarh

लकड़ी के अवैध कारोबार पर वन विभाग का बड़ा प्रहार, उड़नदस्ता टीम ने बजरंग आरा मिल को किया सील।

CG EYE 24 Admin · 21 अगस्त 2026 · खरसिया

मौके पर अवैध साल (सरई) लकड़ी का जखीरा बरामद, कार्रवाई से माफियाओं में हड़कंप।


रायगढ़। खरसिया/ जिले वन विभाग की छापामार कार्यवाही से लकड़ी की अवैध कारोबारीयों में हड़कंप मचा हुआ है। आज शुक्रवार, 21 अगस्त 2026 को रायगढ़ जिले की वन विभाग की उड़नदस्ता टीम ने खरसिया में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध साल (सरई) लकड़ी का जखीरा पकड़ा। कार्रवाई के दौरान टीम ने करीब 1.526 घन मीटर साल की लकड़ी, जिसकी अनुमानित कीमत 40 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है, जब्त की है।


जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे रायगढ़ जिले की उड़नदस्ता टीम खरसिया वन परिक्षेत्र अधिकारी कार्यालय मार्ग पर स्थित गौशाला के आगे गर्ग फर्नीचर पहुंची। यहां अवैध लकड़ी रखे होने की सूचना के आधार पर टीम ने जांच एवं छापेमारी की। जांच के दौरान मौके पर साल (सरई) लकड़ी के चार गट्ठे मिले, जिनके संबंध में कोई वैध कागजी रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं किया जा सका।


मौके पर लकड़ी के संबंध में दस्तावेज नहीं मिलने पर वन विभाग की टीम ने नियमानुसार कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई के लिए खरसिया वन विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। जांच के दौरान यह सामने आया कि गर्ग फर्नीचर परिसर में बजरंग सॉमिल का संचालन भीम प्रकाश अग्रवाल के नाम से किया जा रहा है। इसके बाद वन विभाग की टीम ने संबंधित आरा मिल को सील कर दिया।


वन विभाग द्वारा इस मामले में P.U.R. क्रमांक 7571/08, दिनांक 21 अगस्त 2026 दर्ज किया गया है। प्रकरण में भारतीय वन अधिनियम, 1927 की धारा 52 तथा मध्यप्रदेश काष्ठ चिरान (विनियम) अधिनियम, 1984 की धारा 8 एवं नियम 6(1) के तहत कार्रवाई की गई है।


अन्य लकड़ी के दस्तावेजों की भी जांच जारी


कार्रवाई के दौरान फर्नीचर गोदाम में रखी अन्य लकड़ी के संबंध में संबंधित पक्ष द्वारा टी.पी. (ट्रांजिट परमिट) प्रस्तुत किया गया है। वन विभाग द्वारा इन दस्तावेजों की जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि गोदाम में मौजूद शेष लकड़ी वैध दस्तावेजों के आधार पर रखी गई है या नहीं।


वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई


अवैध लकड़ी के खिलाफ यह कार्रवाई रायगढ़ डीएफओ अरविंद पी.एम. एवं रायगढ़ एसडीओ तनमय कौसिक के दिशा-निर्देशन में की गई। कार्रवाई में रोशन सिदार (उड़नदस्ता प्रभारी), संदीप नामदेव (सहायक उड़नदस्ता), लीला पटेल (वन परिक्षेत्र अधिकारी, खरसिया) सहित वन विभाग की पूरी टीम का सहयोग रहा।


वन विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध लकड़ी के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग द्वारा जब्त लकड़ी और प्रस्तुत किए गए दस्तावेजों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

WhatsApp Facebook Twitter
पूरी खबर व अन्य समाचार पढ़ें →
© 2026 CG EYE 24 NEWS
About| Contact| Privacy| Disclaimer