CG EYE 24 NEWS
Raigarh

छात्रावासों में पहुंचे राजस्व अधिकारी, विद्यार्थियों से सीधे जाना सुविधाओं का हाल

CG EYE 24 Admin · 29 अगस्त 2026

रायगढ़, 27 अगस्त। जिले के छात्रावासों में विद्यार्थियों को मिल रही सुविधाओं की स्थिति जानने के लिए राजस्व अधिकारियों ने तीन छात्रावासों का निरीक्षण किया। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर अधिकारियों ने मिरीगुड़ा, खम्हार और बाकारुमा स्थित प्री एवं पोस्ट मैट्रिक बालक छात्रावासों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों से सीधे बातचीत कर भोजन, स्वच्छता, स्वास्थ्य, सुरक्षा और रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।


विद्यार्थियों ने बताया भोजन की गुणवत्ता ठीक



मिरीगुड़ा और खम्हार छात्रावास के विद्यार्थियों ने अधिकारियों को बताया कि उन्हें मेनू के अनुसार भोजन दिया जा रहा है और भोजन की गुणवत्ता भी संतोषजनक है। निरीक्षण के दौरान स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, पंखे और अन्य बुनियादी सुविधाओं को और बेहतर करने के निर्देश दिए गए।


विद्यार्थियों की मांग पर खेल सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई करने को कहा गया। साथ ही मच्छरों से बचाव के लिए मच्छरदानी के नियमित उपयोग के लिए विद्यार्थियों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए।


बाकारुमा में स्वच्छता और रोशनी सुधारने पर जोर



बाकारुमा छात्रावास के निरीक्षण के दौरान स्वच्छता, शौचालय और परिसर की प्रकाश व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए। वहीं खम्हार छात्रावास में निर्माणाधीन स्मार्ट क्लास का काम जल्द पूरा कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।


अधिकारियों ने छात्रावासों की व्यवस्थाओं को विद्यार्थियों की जरूरत के अनुरूप बेहतर बनाने और समय-समय पर सुविधाओं की समीक्षा करते रहने पर जोर दिया। निरीक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना बताया गया।

WhatsApp Facebook Twitter
पूरी खबर व अन्य समाचार पढ़ें →
© 2026 CG EYE 24 NEWS
About| Contact| Privacy| Disclaimer