रायगढ़। कभी बुखार की एक छोटी सी जांच के लिए भी निजी लैब के चक्कर और हजारों का खर्च, अब सरकारी अस्पताल में ही इसका समाधान मिल रहा है। जिला प्रशासन की अटल आरोग्य लैब योजना आम मरीजों के लिए संजीवनी साबित हो रही है।
रायगढ़ के अमन नायक ने इसका अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि बुखार होने पर वे जिला अस्पताल पहुंचे, जहां अटल आरोग्य लैब में उनकी रक्त जांच निःशुल्क हुई। पहले प्राइवेट में जांच कराने पर उन्हें काफी पैसा और समय दोनों बर्बाद होता था, अब रिपोर्ट डिजिटल माध्यम से फोन पर ही मिल जा रही है।
अमन ने बताया कि लैब में 134 प्रकार की जांचों की सुविधा है और स्टाफ का व्यवहार भी सहयोगात्मक है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार जताया।
क्या है अटल आरोग्य लैब की खासियत?
- 134 प्रकार की जांचें पूरी तरह निःशुल्क
- रिपोर्ट डिजिटल - बार-बार अस्पताल आने की जरूरत नहीं
- समय पर रिपोर्ट से इलाज में तेजी
- ग्रामीण क्षेत्रों तक विस्तार
यह सुविधा सिर्फ जिला अस्पताल तक सीमित नहीं है। रायगढ़ जिले के घरघोड़ा, लोईंग, पुसौर, तमनार, खरसिया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों सहित बिंजकोट, किरोड़ीमल नगर, कोड़ातराई, मिडमिडा, बंगुरसिया, छपोरा, डूमरपाली, जामगांव, नंदेली, नवरंगपुर, पुटकापुरी, संबलपुरी और सिसरिंगा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी लैब शुरू हो चुकी है।
बहरहाल ग्रामीण और गरीब परिवारों के लिए यह सबसे बड़ी राहत है, जिन्हें पहले जांच के लिए रायगढ़ शहर या प्राइवेट सेंटर जाना पड़ता था।
@कैलाश आचार्य (स्वतंत्र पत्रकार)
#AtalArogyaLab #Raigarh #CGHealth #VishnuDeoSai #CGEYE24